अल्मोड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला ने आरोप लगाया है कि विपक्ष अपनी राजनीति चमकाने को सड़कों पर राजनीति कर रहा है। सड़क के निर्माण के लिए ठेकेदारों से अनुबंध भी हो चुका है। कोरोना काल में मजदूरों की कमी और अब बरसात के चलते डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा है कि सरकार और विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान के अथक प्रयासों से अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के लिए 39.5 करोड़ रुपये स्वीकृति मिली है और ठेकेदारों से अनुबंध हो चुके हैं। पहले मजदूर नहीं मिलने और अब बारिश की वजह से डामरीकरण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। शासन ने करबला एनएच-87 के लिए 22 करोड़ स्वीकृत किए हैं। इसमें करबला से लेकर कोसी, कयाला तक डामरीकरण होना है। टेंडर होने के बाद नाली, कलमठ निर्माण का शुरू हो गया है। एनटीडी एनएच के लिए 16 करोड़ की निविदा हो गई है। वहीं मालरोड और एलआर साह रोड के लिए भी 1.50 करोड़ का टेंडर हो गया है। इसमें पेंच भरान का कार्य प्रारंभ हो चुका है। जल्द ही सड़कों में डामरीकरण का काम शुरू होगा। इधर सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के प्रदेश अध्यक्ष मो. अकबर खान ने प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी की निंदा की है।
पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का मुक्की
अल्मोड़ा। चक्काजाम हटाने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश शुरू की तो दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य भावना अधिकारी के सिर पर हल्की से चोट भी आई। प्रदर्शनकारियों ने दो दिन के भीतर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की मांग करते हुए सरकार और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उधर, चक्काजाम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने वाहनों का संचालन दूसरे मार्गों से कर दिया था। वाहनों को धारानौला और लोअर मालरोड से गंतव्य को भेजा गया।
पुलिस के अनुसार पूर्व मंत्री बिट्टू कर्नाटक अपने समर्थकों के साथ मोटरमार्ग सुधारीकरण की मांग को लेकर एनटीडी तिराहे पर अल्मोड़ा-पिथोरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में चक्काजाम कर यातायात बाधित किया। कोतवाल हरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि तहसीलदार संजय कोहली, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता विजय कुमार समेत विभागीय अधिकारियों ने उन्हें काफी समझाया लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। कोरोना संक्रमण के दौरान समर्थकों के साथ एकत्र होकर नियमों का उल्लंघन करने और बिना अनुमति एनएच 309 बी में धरना देने पर पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर धरने में बैठे बिट्टू कर्नाटक, मदन मोहन जोशी, भूपेंद्र शैली, विपिन जोशी, विजय शैली, कृपाल बिष्ट, राकेश बिष्ट, प्रकाश सिंह अधिकारी, प्रदीप सिंह जड़ौत, गिरीश बिष्ट, हरीश बनौली, गोपाल भट्ट, दीपक कुमार, मोहन चंद्र कर्नाटक, राजेंद्र तिवारी, रोहित कुमार, अखिल आर्या, पंकज वर्मा, दीपक मेहता, राजेश अल्मियां, गौरव कांडपाल, ह्रदेश तिवारी, हेम जोशी, गोपाल तिवारी, देवेंद्र प्रसाद कर्नाटक को सरकारी बस में पुलिस लाइन भेजा गया। इस दौरान 26 लोगों के विरुद्ध धारा- 269/270/341/147 व 7 Cr.L.A. Act 2/3 महामारी अधि, 51 बी आपदा प्रबन्धन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।