होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के नवनिर्वाचित पदाधिकारीगण। । संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा की सुनीता सनसिटी में हुई बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड से अल्मोड़ा-क्वारब-गरमपानी एनएच की दशा सुधारने की मांग उठाई। इस मौके पर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन हुआ। नई इकाई के लिए अरुण वर्मा अध्यक्ष और हरीश चंद्र जोशी महासचिव चुने गए।
शेखर जोशी, दीवान सिंह जलाल, राजीव जोशी, सोमिल अग्रवाल उपाध्यक्ष, नमन गुरुरानी, ललित बोरा, दिलजोत सिंह, पार्थ बोरा उपसचिव, अजय अग्रवाल कोषाध्यक्ष बने। इसके अलावा राजीव सांगा, हनी वर्मा, वैभव साह सोशल मीडिया कमेटी के लिए चुने गए। उच्चाधिकार प्राप्त कमेटी में धरम सिंह बिष्ट, पूरन सिंह अधिकारी, अरविंद जोशी, कमल गुप्ता को शामिल किया गया है।
बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अरुण वर्मा और महासचिव हरीश जोशी ने कहा कि ऐतिहासिक मल्ला महल (पुराने कलक्ट्रेट भवन) के फोटो और साहित्य की जानकारी प्रत्येक होटल में पर्यटकों को उपलब्ध कराई जाएगी। होटलों के ब्रोशर और वेबसाइट में भी इसका साहित्य अपलोड किया जाएगा। पातालदेवी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए होटल एसोसिएशन कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा-क्वारब-गरमपानी राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत पिछले दो साल से बदहाल बनी हुई है जिससे क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों में गलत संदेश जा रहा है। इस मार्ग से आने जाने वाले लोगों और पर्यटकों को भी दिक्कतें हो रही हैं। इसका असर क्षेत्र के पर्यटन व्यवसाय पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर होटल एसोसिएशन प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता से मिलेगा। चेताया कि यदि 30 दिन के भीतर मार्ग की दशा नहीं सुधारी गई तो होटल एसोसिएशन धरना प्रदर्शन करेगा। उन्होंने बताया कि होटल एसोसिएशन पांच मेधावी और प्रतिभावान बच्चों को प्रतिवर्ष सम्मानित करेगा और सामाजिक कार्यों में भागीदारी जारी रखेगा। नगर पालिका क्षेत्र के सभी होम स्टे और होटलों को एसोसिएशन से जोड़ा जाएगा। स्थानीय उत्पादों और शिल्प को भी एसोसिएशन बढ़ावा देगी।