नानीसार द्वारसों में जिंदल ग्रुप को जमीन आवंटित करने के विरोध में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी का चौबीस घंटे का उपवास समाप्त हो गया। उपवास समाप्त करने के बाद हाथों में कालेे झंडे लेकर सीएम सभा स्थल को जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गांधी पार्क के गेट पर रोक लिया और उनके काले झंडे छीन लिए। कुछ देर नारेबाजी करने के बाद कार्यकर्ता लौट गए ।
इससे पहले उपवास स्थल पर हुई सभा में उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि रावत सरकार ने अवैध ढंग से नानीसार की बेशकीमती जमीन पूंजीपति को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सीएम हरीश रावत लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं वहीं दूसरी तरफ नानीसार में अवैध भूमि आवंटन का विरोध कर रहे ग्रामीणों और लोगों पर मुकदमे दर्ज कर उत्पीड़न कर रहे हैं।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी देवेंद्र सनवाल ने भी रावत सरकार को इस मामले में कठघरे में खड़ा किया। उपवास समाप्त करने के बाद उपपा कार्यकर्ता काले झंडे लेकर सीएम सभा स्थल को निकलने लगे तो उन्हें पुलिस ने रोक दिया और काले झंडे छीन लिए। कुछ देर नारेबाजी करने के बाद उपपा कार्यकर्ता लौट गए। प्रदर्शन में उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, आरडीएफ अध्यक्ष जीवन चंद्र, आनंदी वर्मा, आनंद नेगी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।