रानीखेत/भतरौंजखान। दो दिन पूर्व मछोड़ चौरी घट्टी के पास हुई जीएमओ बस दुर्घटना के मामले में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार इस दुर्घटना में घायल 14 लोगों की हालत फिलहाल ठीक है सभी स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। मालूम हो कि 25 मई को सुबह साढ़े सात बजे जीएमओयू संख्या यूके-04पीए-0192 मछोड़ चौरी घट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर तीन सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई थी।
बस मासी से रामनगर की तरफ जा रही थी, दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 14 लोग घायल हो गए थे। बस में कुल 23 लोग सवार थे। इधर इस मामले में पुलिस ने चमोली निवासी चालक दलीप सिंह पुत्र मेहरबान सिंह पर लापरवाही का मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि चालक की लापरवाही सामने आई है। मामले की जांच होगी इसके बाद चालक की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल चालक भी घायल है।