रानीखेत (अल्मोड़ा)। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न आदि मामलों में पिछले साढ़े तीन वर्षों से वांछित चल रहे आरोपी को कोतवाली पुलिस ने ऋषिकेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी में सर्विलांस सेल की टीम ने भी अहम योगदान दिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
प्रभारी कोतवाल रमेश बोहरा ने बताया कि भिकियासैंण तहसील के ग्राम बहेड़ा निवासी दीवान सिंह रावत पुत्र बद्री सिंह के खिलाफ पत्नी के साथ मारपीट, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा आदि मामलों में मुकदमा दर्ज कराया गया था। लेकिन 2017 से ही आरोपी फरार हो गया। दीवान सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से प्रयास कर रही थी।
इस बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद मीणा के आदेश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। इसके लिए सर्विलांस की भी मदद ली गई। रविवार को आरोपी की लोकेशन ऋषिकेश क्षेत्र में मिली। रानीखेत से पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए रवाना हुई। कोतवाल ने बताया कि रविवार की शाम टीम ऋषिकेश के सुभाष चौक स्थित त्रिवेणी घाट पहुंची, जहां पुलिस टीम ने वांछित आरोपी दीवान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को लेकर वापस रानीखेत कोतवाली पहुंची। थानाध्यक्ष बोहरा ने कहा कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।