बागेश्वर के नुमाइश खेत में प्रशिक्षण लेती खिलाड़ी।
- फोटो : बागेश्वर
डीएम के निर्देशानुसार क्रीड़ा विभाग ने जिले की 25 महिला खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स हॉस्टल में प्रवेश के लिए प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। प्रशिक्षण में खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, फुटबॉल, बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
डीएम रंजना राजगुरु ने महिला खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए अनटाइड फंड से एक लाख रुपये जारी किए। साथ ही क्रीड़ा विभाग को निर्देश दिए कि दूरस्थ क्षेत्रों की पिछड़े तबके की महिला खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स हॉस्टल में प्रवेश के लिए प्रशिक्षण दिया जाए। इसी क्रम में क्रीड़ा विभाग ने अंडर-16 आयु वर्ग की शिक्षा विभाग की विभिन्न रैलियों की जनपद स्तरीय विजेता 25 खिलाड़ियों को चयनित किया। इन खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, फुटबॉल और बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दस दिवसीय इस प्रशिक्षण में खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। इसके बाद उनकी जिला, राज्य स्तर पर प्रतियोगिता होगी, फिर स्पोर्ट्स हॉस्टल के लिए चयन होगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी विनोद बल्दिया ने बताया कि नौ अप्रैल से प्रशिक्षण का शुभारंभ हो गया है। 17 अप्रैल को इसका समापन होगा। शिविर में शिक्षा विभाग से चयनित जिले के दूरस्थ क्षेत्रों की निचले तबके की महिला खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।