नेपाल में ताइक्वांडो प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : amar ujala
इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में रानीखेत और द्वाराहाट के खिलाड़ियों ने परचम लहराया है। रानीखेत के काव्य तलरेजा, मेघल जसवाल और द्वाराहाट के शोभित शाह ने प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों के यहां पहुंचने पर उन्हें सम्मानित किया गया।
नेपाल ताइक्वांडो संघ, ओलंपिक कमेटी और वर्ल्ड ताइक्वांडो संघ की ओर से यह प्रतियोगिता 17 से 19 जून तक नेपाल के पोखरा में खेली गई। रानीखेत के काव्य तलरेजा ने पुरुष सीनियर वर्ग के 87 किलो भार वर्ग में, द्वाराहाट के शोभित शाह ने अंडर 58 किलो भार वर्ग में और मेघल जसवाल ने अंडर 63 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते हैं।
अल्मोड़ा ताइक्वांडो संघ के सचिव और 68वीं डान ब्लैक बेल्ट नरेश कुमार तलरेजा ने बताया कि तीनों खिलाड़ी अल्मोड़ा ताइक्वांडो संघ से संबद्ध हैं। इधर भारतीय ओलंपिक संघ के सचिव राजीव मेहता, राज्य ताइक्वांडो संघ के सचिव चंद्र विजय बिष्ट, अल्मोड़ा ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष हिमांशु उपाध्याय, प्रधानाचार्य कमलेश जोशी, जिला क्रीड़ा अधिकारी सीएल वर्मा, प्रशिक्षक विजय बहादुर, निकेत जोशी, आशुतोष शाह, ज्योति शाह, सचिन शाह सहित तमाम लोगों ने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
खिलाड़ियों का ट्रायल 27 को
एक जुलाई से हल्द्वानी में प्रस्तावित 23वीं राज्य ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए जिले की कैडेट ताइक्वांडो टीम का ट्रायल 27 जून को यहां आर्मी पब्लिक स्कूल में होगा। एक जनवरी 2003 से 31 दिसंबर 2005 के बीच जन्म लेने वाले खिलाड़ी ही इस ट्रायल में भाग ले सकेंगे।