राज्य में युवा प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित समय पर सही प्लेफार्म नहीं मिल पाने से वह अवसरों से वंचित रह जाते हैं। यह कहना है क्रिकेटर उन्मुक्त चंद का। अल्मोड़ा में अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल करने को युवाओं में जुनून होना जरुरी है।
सफलता हासिल करने को युवा कड़ा परिश्रम करें। क्रिकेटर चंद ने कहा कि क्रिकेट खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने को उत्तराखंड राज्य की क्रिकेट एसोशिएशन का जल्द गठन होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल, बाक्सिंग, हॉकी, दौड़ समेत अन्य खेलों में उतराखंड के युवाओं ने पहले भी शानदार प्रदर्शन किया है।
अब क्रिकेट के क्षेत्र में भी युवा तेजी से आगे आ रहे हैं। क्रिकेट एसोसिएशन नहीं होने से सामर्थ्य क्रिकेटर दूसरे राज्यों की टीमों में शामिल हो रहे हैं। राज्य में क्रिकेट एसोसिएशन के गठन को वह अपनी ओर से भी बीसीसीआई के अधिकारियों से पहल करेंगे। श्री चंद ने कहा कि 2018 में राज्य में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभा दिखाने को युवाओं के पास सुनहरा मौका है। जुनून और कड़े परिश्रम से युवा स्वयं को तैयार करें।
उन्होंने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और कोई भी व्यक्ति श्रेष्ठ नहीं होता। निरंतर अभ्यास और मेहनत जीवन में आगे बढ़ने और सफलता की सीढ़ी है। उन्मुक्त के साथ पिता भरत चंद, ताऊ नरेंद्र बिष्ट, मामा हरीश बम और उमेश जोशी भी मौजूद थे।