सोमश्वर के टाना गांव में सूअरों ने नष्ट की फसल।
- फोटो : अमर उजाला
ग्रामीण इलाकों में सूअरों द्वारा फसल को नुकसान पहुंचाने से ग्रामीण परेशान हैं। सूअरों के भय से किसान सीमित क्षेत्र में फसल बो रहे हैं। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत टाना की दस हेक्टेयर सिंचित भूमि में किसानों ने कृषि विभाग की बीज उत्पादन योजना के अंतर्गत गेहूं बीज बोया था। गेहूं बीज की तैयार फसल सूअरों के झुंड ने पूरी फसल रौंदकर नष्ट कर दी।
सूअरों के झुंड काश्तकारों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में आए दिन सूअरों के झुंड काश्तकारों की फसल नष्ट कर दे रहे हैं। इससे काश्तकार परेशान हैं और खेती से विमुख हो रहे हैं। तहसील क्षेत्र की टाना ग्राम पंचायत में किसानों ने 10 हेक्टेयर सिंचिंत भूमि में कृषि विभाग की बीज उत्पादन योजना के तहत गेहूं बीज बोया था लेकिन फसल कटने से पहले ही सुअरों ने रौंध दी।
इस कारण इन काश्तकारों के सामने आय का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित किसानों ने इसकी सूचना कृषि विभाग और डीएम को भी दी है। प्रभावित किसानों देवेंद्र बिष्ट, हीरा देवी आदि ने शासन प्रशासन से मुआवजे की मांग भी उठाई है।