जालली में व्यापारी नेता की गिरफ्तारी से नाराज महिलाएं बाजार में धरने पर बैठ गयी हैं।
महिलाओं ने राजस्व पुलिस पर जांच के बगैर एकतरफा कार्रवाई कर व्यापारी नेता को गिरफ्तार करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मामले की जांच शीघ्र रेगुलर पुलिस को नहीं सौंपी गई तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। मालूम हो कि 17 फरवरी को राजस्व पुलिस ने जालली में व्यापारी नेता मधु मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया था।
30 जनवरी को जालली के उपराजस्व निरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट ने जालली के व्यापारी मधु मिश्रा के खिलाफ मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
17 फरवरी को राजस्व पुलिस ने मधु मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया था। इससे भड़के व्यापारियों ने 18 फरवरी को बाजार बंद कर विरोध जताया था। गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार से क्षेत्र की महिलाओं ने भी धरना शुरू कर दिया है। ताजपुर, सिमचौरा, दुबकला की महिला मंगल दलों से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में राजस्व पुलिस की नाकामी के चलते अपराध बढ़ रहे हैं। मगर व्यापारी की गिरफ्तारी बगैर जांच के की गयी है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में जांच रेगुलर पुलिस के माध्यम से कराने की मांग की है।
आंदोलन को व्यापार मंडल ने भी सहयोग दिया। कोषाध्यक्ष कुंदन सिंह ने कहा कि राजस्व पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, जबकि क्षेत्र में नायब तहसीलदार आए ही नहीं। भिकियासैंण के पूर्व प्रमुख नरेंद्र बिष्ट, व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने भी धरने को समर्थन दिया। इस दौरान राधा देवी, देवकी मिश्रा, लीला देवी, कमला देवी, सीमा जोशी, माया मिश्रा, हेमा देवी, दीपा देवी, जानकी देवी, खीमा जोशी, धनुली देवी, नंदी देवी, धना, हीरा, हेमा, शांति, खष्टी देवी सहित तमाम लोग मौजूद थे।