वेतन विसंगति दूर करने समेत अन्य मांगों का निराकरण नहीं होने से नाराज फार्मासिस्टों ने डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले सोमवार को अल्मोड़ा में मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में धरना दिया। उन्होंने नारेबाजी कर विरोध जताया। उन्होंने 11 से 15 दिसंबर तक काला फीता बांधकर विरोध करने का एलान किया।
उन्होंने पूर्व में लिए गए निर्णयों पर शासनादेश जारी न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संवर्ग पुनर्गठन, रोगी केयर भत्ता, धुलाई और पोस्टमार्टम भत्ते आदि में व्याप्त विसंगतियों को दूर कर संशोधित शासनादेश जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट संवर्ग के वेतन निर्धारण में बढ़ती जा रही असमानता को दूर किया जाए। बताया कि 17 से 20 दिसंबर तक विधायक, मंत्रियों से संपर्क कर मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित करेंगे। 21 और 22 दिसंबर को महानिदेशालय के समक्ष उपवास कर धरना देंगे। इसके बाद आमरण अनशन करेंगे।
यदि आठ जनवरी तक शासनादेश जारी नहीं किया गया तो नौ जनवरी को प्रदेश व्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इस दौरान आपातकालीन सेवाएं भी ठप कर दी जाएंगी। सभा का संचालन जिला मंत्री रजनीश जोशी ने किया। प्रदर्शन करने वालों में संस्थापक महामंत्री सीएस मेहरा, प्रांतीय अध्यक्ष अशोक पांडेय, प्रांतीय कार्यकारणी सदस्य प्रेम चंद्र, डीआर आर्या, एचसी जोशी, भुवन चंद्र जोशी, जीडी जोशी, डीएच जोशी, जीएस मेहता, वीपी पांडे, जीसी पुजारी, जीजी गोस्वामी, संजय, बीबी जोशी, प्रकाश, राखी राणा, सुमन चम्याल, डीके पांडे, तारा सिंह, बीसी वर्मा, केसी थापा शामिल हैं।