रानीखेत (अल्मोड़ा)। कुमाऊं मंडल अपर निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) गजेंद्र सिंह सौन बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण के तहत तहसील के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बग्वालीपोखर पहुंचे। उन्होंने शैक्षणिक स्तर भांपने के लिए छात्राओं से प्रश्न पूछे और शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंनेे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता भी परखी।
अपर निदेशक ने स्पष्ट किया कि अनिवार्य रूप से प्रत्येक विद्यालय में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली से ली जाए। उन्होंने कक्षाओं में जाकर शिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया और छात्राओं से कई विषयों पर प्रश्न पूछकर उनकी समझ का स्तर जांचा। सौन ने शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें, ताकि उनका समग्र विकास हो। उन्होंने शिक्षकों से पढ़ाई को रुचिपूर्ण एवं प्रभावी बनाने का आग्रह भी किया।
एडी ने पाया कि वर्तमान में विद्यालय में 304 छात्राएं पंजीकृत हैं। इसके बाद सौन ने विद्यालय में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांची और भोजनमाता को निर्देशित किया कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार पोषक एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जाए।
विद्यालय प्रशासन से शैक्षणिक और व्यवस्थागत सुधारों के प्रति सजग रहने की बात कही। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जगमोहन रौतेला आदि मौजूद रहे। संवाद