राजपुरा सब्जी मंडी में विद्युत कर्मी की पिटाई करने के मामले में नामजद आरोपियों की चार दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज विद्युत कर्मियों के साथ ही धारानौला, चीनाखान, मकेड़ी, गोलनाकरडिय़ा सहित कई मोहल्लों के लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आक्रोश जताया। उन्होंने एसएसपी की गैर मौजूदगी में पुलिस क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपा। विद्युत कर्मियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार तक का समय दिया है। उन्होंने कहा कि उसके बाद हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। एसएसपी ऑफिस पहुंचे लोगों ने कहा कि गुंडा तत्वों के खिलाफ पुलिस का रवैया नरम होने से नगर में गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि इन्हीं लोगों ने आज से तीन माह पहले गैराड़ मंदिर में श्रद्धालुओं पर भी जानलेवा हमला किया था। उस मामले मेें भी आज तक नामजदों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
मालूम हो कि मंगलवार शाम बिजली विभाग के लाइन मैन पंकज सिंह मेहरा की राजपुरा के पास कुछ गुंडों ने पिटाई करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बिजली कर्मी को इलाज के लिए हल्द्वानी भेजा गया। इस मामले में अल्मोड़ा कोतवाली में अमरीश पवार, रौनक वाल्मीकि, देबू, लक्की, किशन और कुछ अन्य अज्ञात के खिलाफ धारा 147,332,504,353 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों की चार दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस घटना को लेकर काफी संख्या में विद्युत कर्मियों के अलावा ब्लॉक प्रमुख सूरज सिराड़ी समेत चीनाखान, मकेड़ी, गोलनाकरडिय़ा, ढूंगाधारा, एनटीडी, दुगालखोला, बख, सिकुड़ा आदि क्षेत्रों में रहने वाले दर्जनों लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी पी रेणुकादेवी की अनुपस्थिति में उन्होंने सीओ आरएस टोलिया को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि बिजली कर्मी की पिटाई के मामले में चार दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
लोगों का कहना था कि इन्हीं लोगों ने जून में गैराड़ मंदिर में पूजा करने गए श्रध्दालुओं की पिटाई कर दी थी। एक श्रद्धालु पर जानलेवा हमला भी किया था। आरोपियों के खिलाफ 307 सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई। वहां पहुंचे बिजली कर्मियों ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सोमवार तक का वक्त देते हुए उसके बाद हड़ताल पर जाने की धमकी दी। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख सूरज सिराड़ी, प्रमोद मेर, भारत मेर, पुष्कर मेहरा, भानु मेर, दिवान मेर, अर्जुन लटवाल, हिमांशु मेर, रवि चौहान, रवि कार्की, जगमोहन बिष्ट, मनोज बिष्ट, विक्की बिरोड़िया आदि शामिल थे।