फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अल्मोड़ा के ग्रामीण इलाकों में पानी के लिए भटक रहे लोग

विज्ञापन
मटेना में टैंकर से पानी भरते लोग। - फोटो : ALMORA
विज्ञापन
अल्मोड़ा। जिले के शहर और ग्रामीण इलाकों में लोगों को पेयजल संकट से निजात नहीं मिल पा रही है। जल संस्थान शहर क्षेत्र में पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं कर पा रहा है। वहीं ग्रामीण इलाकों में स्रोतों में जल स्तर घटने से पेयजल लाइनों से काफी कम आपूर्ति हो पा रही है। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। वह दूर दराज के इलाकों से पानी लाने को मजबूर हैं। इधर बृहस्पतिवार को जल संस्थान ने ग्रामीण क्षेत्रों में 12 स्थानों पर टैंकरों से पानी बांटा।
विज्ञापन

नगर के खत्याड़ी, थपलिया, मुख्य बाजार, डुबकिया सहित अन्य इलाकों में पानी की कम आपूर्ति होने से लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। लोग आसपास स्थित जल स्रोतों नौलों और धारों से पानी लाकर गुजारा कर रहे हैं। वहीं ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट बढ़ने लगा है। कई इलाकों में तो लोगों को एक से दो किमी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं और बच्चों का काफी समय पानी की व्यवस्था करने में बीत रहा है। जल संस्थान ने बृहस्पतिवार को नाटाडोल, चायखान, मकड़ाऊं, कनेली, बल्टा, डीनापानी बाजार, सिराड़, बेस डॉक्टर हॉस्टल, सैल बाईपास, सल्लागांव, भांगादेवली, माट मटेना में टैंकर से पानी की आपूर्ति की।
इधर हवालबाग विकासखंड के घनेली गांव के लोग भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। गांव के लिए बनी पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति नहीं होने लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। गांव की प्रधान रेखा आर्या ने बताया कि गांव में 135 परिवार हैं उन्हें करीब एक किमी दूर मोहनली स्थित जल स्रोत से पानी लाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों और उन्होंने पेयजल समस्या हवालबाग की प्रमुख बबीता भाकुनी के सम्मुख रखी। जिसके बाद जल संस्थान द्वारा क्षेत्र में टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है। प्रधान ने जल संस्थान के अधिकारियों से जल जीवन मिशन के तहत गांव के लिए पेयजल योजना का निर्माण कर आपूर्ति सुचारु करने की मांग उठाई है।
विज्ञापन

स्कूल में नहीं आ रहा पानी, प्रधान से उठाई परेशानी
बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज तुपेड़ में पेयजल न आने से मध्याह्न भोजन बनाने के साथ तमाम तरह की दिक्कतें हो रही हैं। तुपेड़ की ग्राम प्रधान हेमा देवी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को दिए ज्ञापन में कहा है कि स्कूल के लिए बनाई गई पेयजल योजना से लोगों ने अवैध तरीके से संयोजन ले रखे हैं। इस कारण विद्यालय में पानी नहीं आ रहा है। पानी न आने से मध्याह्न भोजन बनाने में तो दिक्कत आ ही रही है, विद्यार्थियों को पीने के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है। शौचालय के लिए पानी उपलब्ध न होने से भारी दिक्कत हो रही है। विद्यार्थियों से घर से बोतलों में पानी लाने को कहा जा रहा है। प्रधान ने विद्यालय में पानी की व्यवस्था करने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें