रानीखेत (अल्मोड़ा)। विकासखंड ताड़ीखेत के राजकीय इंटर कॉलेज कुनेलाखेत में तीन अगस्त को प्रस्तावित बहुउद्देशीय शिविर एक दिन पहले स्थगित किए जाने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि शिविर के लिए पंडाल समेत सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। ऐसे में अंतिम समय पर कार्यक्रम स्थगित करने से सरकारी धन और संसाधनों की बर्बादी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिविर के लिए भव्य पंडाल लगाने के साथ अन्य व्यवस्थाएं भी की गई थीं। इन पर काफी धनराशि खर्च होने की बात कही जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि किसी कारण से शिविर स्थगित करना था तो इसकी जानकारी समय रहते दी जानी चाहिए थी, ताकि संसाधनों की अनावश्यक बर्बादी न होती।
उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना होना चाहिए, न कि केवल औपचारिकता पूरी करना। कुछ लोगों ने मांग की कि जिलाधिकारी अल्मोड़ा सप्ताह में एक दिन रानीखेत तहसील में बैठकर जनसुनवाई करें। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।