फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: अल्मोड़ा में हजारों लोगों ने निरोग रहने के लिए किया योग

Sat, 22 Jun 2024 12:05 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। नगर के साथ ही जिले के विभिन्न स्थानों पर हजारों लोगों ने निरोग रहने के लिए योग किया। नगर के ऐतिहासिक मल्ला महल में मुख्य अतिथि उत्तराखंड श्रम सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत ने कहा कि स्वयं भी योग करें और दूसरों को भी योग के लिए प्रेरित करें। डीएम विनीत तोमर ने कहा कि योग शरीर को निरोगी बनाता है। उन्होंने जिले के लोगों को योग दिवस की बधाई दी।
विज्ञापन

शुक्रवार को जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। रानीखेत, सल्ट, द्वाराहाट, भिकियासैंण, सोमेश्वर, भतरौंजखान, चौखुटिया, भैंसियाछाना, धौलादेवी, लमगड़ा, जैंती आदि हिस्सों में सरकारी, निजी संस्थानों और विद्यालयों में हजारों लोगों और विद्यार्थियों ने योग किया। नगर के मल्ला महल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड श्रम सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत ने किया। डीएम विनीत तोमर ने कहा कि योग को हमें अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए, ताकि हम स्वस्थ और निरोगी रह सकें। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों, कर्मियों और विद्यार्थियों ने योग किया। वहीं नगर के सिमकनी मैदान में एसएसजे विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग की तरफ से योग शिविर लगाया गया। इसमें एनसीसी कैडेट्स, एसएसबी, आईटीबीपी के जवानों, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों, जिला विधिक प्राधिकरण के सदस्यों और पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों और संस्थानों के कर्मियों ने योग किया।
वहीं आयुर्वेदिक अस्पताल कुंवाली में भी स्वास्थ्य कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों और बच्चों ने योगाभ्यास किया। इस मौके पर कैलाश गुरुरानी, एसएसजे विवि के पूर्व कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट, प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल जितेंद्र शर्मा, ले. कर्नल नंदा बल्लभ, सीएमओ डॉ. आरसी पंत, डीडीओ एसके पंत, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन


रानीखेत में आयोजित हुए योग शिविर
रानीखेत(अल्मोड़ा)। एसएसबी सीमांत मुख्यालय में महानिरीक्षक अमित कुमार ने जवानों के साथ योग किया। यहां मानसिक रोग विशेषज्ञ ले. कर्नल विशाल चोपड़ा, डॉ. ओबी सिंह, देबाशीष पाल आदि शामिल रहे। छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी कुनाल रोहिला ने कर्मचारियों व स्थानीय लोगों के साथ योग प्रशिक्षक नरेश डोबरियाल के निर्देशन में योगाभ्यास किया। यहां रमा नेगी, अजय प्रताप सिंह, चंदन कुमार आदि मौजूद रहे। सरस्वती उमावि रानीखेत में पतंजलि योग समिति की संगठन मंत्री विमला रावत के नेतृत्व में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया।
वहीं केआरसी के अधिकारियों और जवानों ने नर सिंह मैदान और सोमनाथ मैदान में तो महाविद्यालय और आर्मी पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने योग किया। यहां कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव, कर्नल सुनील कटारिया, प्राचार्य डॉ. पुष्पेश पांडे, आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी आदि शामिल रहे।

बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग और आयुर्वेद जरूरी
रानीखेत। योग दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को सैनिक अस्पताल की तरफ से भोले बाबा आयुर्वेदिक अस्पताल चिलियानौला और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान थापला के सहयोग से एकीकृत चिकित्सा के साथ समग्र देखभाल विषय पर गोष्ठी हुई। ले. जनरल दलजीत सिंह ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग और आयुर्वेद जरूरी है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान थापला के डॉ. गजेंद्र राव ने कहा कि औषधीय पौधों के इस्तेमाल से असाध्य रोग भी दूर हो जाते हैं। डॉ. लाल पैथ लैब के प्रबंध निदेशक पद्मश्री डॉ. अरविंद लाल ने आयुर्वेद, योग और आधुनिक चिकित्सा के आपसी तालमेल को जरूरी बताया। मेजर जनरल योगिंदर सिंह, एमजी यूबी एरिया ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान उज्ज्वल पारासर के नेतृत्व में योग और ध्यान सत्र भी हुआ। वहीं पारंपरिक प्रथाओं और आधुनिक चिकित्सा के बीच सामंजस्य को लेकर विस्तृत जानकारी पर आधारित सीडी का अनावरण भी किया गया। डाॅ. लाल पैथ लैब के प्रबंध निदेशक पद्मश्री डॉ. (ब्रिगेडियर) अरविंद लाल ने भी आयुर्वेद, योग और आधुनिक चिकित्सा के आपसी तालमेल को बेहद जरूरी बताया। कार्यक्रम में केआरसी रानीखेत के कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव, ले. कर्नल विशाल चोपड़ा, भोले बाबा आयुर्वेदिक अस्पताल के डॉ. एस मिश्रा आदि मौजूद रहे।

सोमेश्वर महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास
सोमेश्वर। राजकीय महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्राचार्य प्रो.एके जोशी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. जगदीश प्रसाद, डॉ. कंचन वर्मा, खेल प्रशिक्षक कुंदन सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को विभिन्न योगों का अभ्यास कराते हुए इनका महत्व बताया। इस मौके पर पूजा बिष्ट, श्रद्धा कैड़ा, कविता बिष्ट, डॉ. सीपी वर्मा सहित कई लोग शामिल रहे।

योगदा आश्रम में हुए भजन और लगाया ध्यान
द्वाराहाट(अल्मोड़ा)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योगदा आश्रम में भजन हुए और योग साधकों ने ध्यान लगाया। आश्रम के महासचिव स्वामी ईश्वरानंद गिरि ने नेतृत्व में साधकों ने योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन किया। वहीं आश्रम के वरिष्ठ सन्यासी स्वामी नित्यानंद गिरि ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र दिए।

एसएसपी ने पुलिस जवानों को कराया योगाभ्यास
अल्मोड़ा। जिले के हर थाने और चौकी में तैनात पुलिस जवानों ने योग से निरोग रहने के तरीके सीखे। जवानों और पुलिस अधिकारियों ने उत्साह के साथ योग किया। पुलिस लाइन में एसएसपी देवेंद्र पिंचा के नेतृत्व में जवानों ने योगाभ्यास किया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें