भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण में विकास कार्यों की धीमी गति से आक्रोशित लोगों ने बाजार में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। तत्पश्चात तहसील प्रांगण में धरना दिया। बाद में उपजिलाधिकारी से हुई वार्ता के बाद लोगों ने धरना समाप्त किया।
सोमवार को पुराने पंचायत भवन में एकत्रित होकर लोगों ने नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी के साथ जुलूस निकालकर तहसील में प्रदर्शन कर धरना दिया। धरना स्थल पर पहुंचे उपजिलाधिकारी और प्रभारी ईओ अभय प्रताप सिंह के समक्ष वार्ड सदस्यों सहित लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा नगर पंचायत बोर्ड गठन हुए आज एक साल पूरा हो गया लेकिन नगर पंचायत में समस्याएं जस की तस हैं। इस दौरान नगर पंचायत में ईओ सहित सृजित सभी पदों पर नियुक्ति करने, पुरानी खरीदारी की जांच करने, नालियों का निर्माण और पानी निकासी की व्यवस्था करने, पुराने बाजार के सड़क का सुधारीकरण करने, किसान सम्मान निधि का लाभ काश्तकारों तक पहुंचाने, लावारिस जानवरों से निजात दिलाने, विकास कार्यों को तेज करने की मांग की।
उन्होंने मोबाइल शौचालय का उपयोग करने आदि की मांगें भी उठाई। उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने कहा कि पुरानी खरीद की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। एक जनवरी से नगर पंचायत में ट्रैक्टर ट्रॉली से कूड़ा उठाया जाएगा। कर्मचारियों की तैनाती को लेकर शासन को पत्र भेजा गया है। निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में वार्ड सदस्य गोपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, चंपा मावड़ी, गोपाल जीना, बालमनाथ, शंकर फुलारा, पंकज बिष्ट, गोपाल बिष्ट, प्रताप सिंह, जगत सिंह, जितेंद्र, नंदन सिंह, राजेंद्र, बसंत, धीरज बिष्ट, हरीश बंगारी, शिवेंद्र सिंह, प्रभा, रितु, धना, कमला, पुष्पा आदि शामिल थे।