अल्मोड़ा। देशभर में कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के मामले बढ़ने के बाद उत्तराखंड सरकार ने भी सभी जिलों के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पूरे इंतजाम करने के निर्देश दे दिए हैं। बढ़ते हुए खतरे को देखते हुए रविवार को जब नगर की पड़ताल की तो एक बार फिर लोगों की लापरवाही नजर आई।
स्वास्थ्य, पुलिस और स्थानीय प्रशासन के लगातार लोगों को जागरूक करने के बाद स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है। रविवार को साप्ताहिक बंदी के चलते सभी दुकानें बंद थी लेकिन साप्ताहिक बाजार लगी थी। यहां खरीददारी करने के लिए पहुंचे लोगों में एक बार फिर से लापरवाही देखने को मिली। इन पर कार्रवाई करने के लिए बाजार में पुलिस, प्रशासन की ओर से कोई कर्मचारी तैनात नहीं किया गया था। कोरोना के संक्रमण को पिछली बार भी इसी लापरवाही के चलते रफ्तार मिली थी, यदि इस समय भी इस पर सख्ती नहीं बरती गई तो आने वाले समय में स्थिति गंभीर हो सकती है।
वैक्सीन के भरोसे न रहें
अल्मोड़ा। लोगों के मन में अभी यह है कि उन्होंने कोरोना की दोनों डोज लगा ली है, लेकिन डॉक्टर लोगों को बता चुके हैं कि वैक्सीन के भरोसे न रहें। वैक्सीन कोरोना से लड़ने में पूरी तरह से कारगर है, लेकिन संक्रमित कोई भी हो सकता है। यदि जिले में संक्रमित मरीजों के संख्या बढ़ेगी तो इससे अव्यवस्था फैलेगी। उस समय यदि किसी को इलाज में देरी हो गई तो जान का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से एक बार फिर अपील की गई है कि वह कोरोना के सभी नियमों का पालन करें।
कोरोना पिछले दो साल से कई घरों को बर्बाद कर चुका है। दूसरी लहर में लोगों में जो खौफ था उसे लोग भूल गए हैं। बिना मास्क घूमना और दो गज दूरी का पालन नहीं करना खतरा हो सकता है। लोग अब पूरी तरह से जागरूकता दिखाएं।
- इमरोज खान, वकील
स्वास्थ्य विभाग, पुलिस-प्रशासन को भी अब इस पर गंभीरता दिखानी चाहिए। जो नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई भी करनी चाहिए। कोरोना का संक्रमण न फैले इसके लिए लोगों को भी जागरूकता दिखानी चाहिए।
- मनोज ब्रजवाल, वकील
बोले जिम्मेदार
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी तैयारियां की गई हैं। ग्रामीणों क्षेत्रों के अस्पतालों को भी दुरुस्त किया गया है। संक्रमण फैलने से रोकने के लिए पूरी तरह से काम किया जा रहा है। लोगों को भी अब जागरूकता दिखानी होगी। लोगों को भी मास्क और दो गज दूरी का ध्यान रखना जरूरी है।
डॉ. आरसी पंत, सीएमओ अल्मोड़ा
कोरोना का संक्रमण न फैले इसके लिए पुलिस जागरूकता अभियान चलाएगी। एक-दो दिन तक लोगों को जागरूक किया जाएगा। मास्क भी बांटे जाएंगे। इसके बाद अगर कोई लापरवाही बरतता है तो उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, अल्मोड़ा