नैकणा-देवायल पेयजल योजना में पेयजल आपूर्ति ठप है। पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतें हो रही है। ग्रामीणों ने 24 जुलाई को जल संस्थान कार्यालय झिमार में तालाबंदी करने का ऐलान किया है। उधर सड़क के मलबे से ध्वस्त हुई सल्ट विकासखंड की सबसे बड़ी गुलार-करगेत तथा चांच पेयजल योजनाओं में दो सप्ताह बाद पेयजल आपूर्ति सुचारू हो गई है।
उप जिलाधिकारी गोपाल राम बिनवाल के निर्देश पर तहसीलदार प्रताप राम टम्टा और कानूनगो मनोरथ लखचौरा ने शनिवार को नैकणा-देवायल पेयजल योजना का मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि पेयजल योजना की मुख्य लाइन से कई कनेक्शन दिए गए हैं, साथ ही पेयजल योजना में कई स्थानों पर लीकेज है। इस कारण कई दिनों से नपटुवा, पोखरी, वैला, स्वास्थ्य केंद्र देवायल, ग्राम पंचायत देवायल आदि गांवों में पानी की आपूर्ति बाधित है। जल संस्थान के जेई मनदीप शर्मा ने बताया कि पेयजल योजना के पाइपों में हवा भरने से भी कई बार स्टैंड पोस्टों तक पानी नहीं पहुंच पाता है। शिकायत मिलने पर इसे ठीक किया जाएगा।