अल्मोड़ा। नगर में तेंदुए की दहशत से लोगों का घर से निकला मुश्किल हो गया है। नगर क्षेत्र में लगातार तेंदुए दिखाई दे रहे हैं। इस संबंध में लोगों ने डीएफओ पर अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
शनिवार को इस मामले में तल्ला जोशीखोला निवासी चंद्र जोशी ने स्थायी लोक अदालत में अपील पत्र दिया है। उन्होंने अपील में कहा कि बीते 14 दिसंबर को उनके मोहल्ले के पास आर्य कन्या इंटर कॉलेज के खंडहर और देवी मंदिर के पास गुलदार की आवाजाही देखी गई।
कहा कि इसके बाद 18 दिसंबर और एक जनवरी को भी क्षेत्र में गुलदार देखा गया था। इसकी जानकारी फोन के माध्यम से डीएफओ को दी गई थी।
डीएफओ को वीडियो और फोटो भी उपलब्ध कराए गए थे। इसके बाद भी क्षेत्र में न तो पिंजरा लगाया गया और न ही झाड़ियों का कटान किया गया। ऐसे में रात के समय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।
बार-बार वन विभाग को सूचित करने के बाद भी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने न्यायालय से इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए वन विभाग को आदेशित करने की अपील की है।