रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी के लोग सोमवार को भी बाजार में दिनभर धूल फांकते रहे। लोनिवि मुख्य बाजार की सड़क में माइक्रो सर्फेसिंग का कार्य कर रही है। सड़क के पैच भरने के लिए चार दिन पहले ही सड़क को मिट्टी युक्त रेत से पाट दिया गया है। धूल से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है, व्यापार संघ ने लोनिवि पर उन्हें विश्वास में न लेने का आरोप लगाया है, वहीं कई व्यापारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
लोनिवि ने केमू स्टेशन से लेकर रोडवेज स्टेशन तक की सड़क में माइक्रो सर्फेसिंग करा रही है, लेकिन सड़क को रेत से पाट दिया गया है। इस कारण कई दोपहिया वाहन चालक रपट चुके हैं, व्यापारियों का सामान खराब हो रहा है। बाजार पहुंचने वाले लोग धूल फांक रहे हैं।
व्यापार संघ अध्यक्ष भगवंत नेगी के नेतृत्व में कई व्यापारियों ने एसडीएम रजा अब्बास से मुलाकात कर लोनिवि की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, कहा कि व्यापार संघ को विश्वास में नहीं लिया गया, सीधे सड़क को रेत से पाट दिया गया है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं।
इधर, व्यापारियों की बैठक में लोनिवि की लापरवाही से व्यापारियों के साथ आम लोग भी परेशान हो रहे हैं। यह कार्य रात में पूरा कर लिया जाना चाहिए था, लेकिन लोनिवि को जनसरोकारों से कुछ भी लेना-देना नहीं है। यदि शीघ्र रेत नहीं उठाई गई तो व्यापारी आंदोलन करेंगे।
बैठक में व्यापार संघ सचिव हर्ष पंत, उपाध्यक्षा सीमा जसवाल, दीपक पंत, मनोज पंत, जयंत रौतेला, राजेंद्र जोशी, राजकुमार, मनोज नैनवाल, दीप पांडे, नवल नैनवाल आदि थे। इधर लोनिवि अधिकारियों का कहना है कि रेत को शीघ्र हटा लिया जाएगा।