रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत-पंतकोटली सड़क पर सुधारीकरण का कार्य लंबे समय से चल रहा है लेकिन अधूरी पड़ी यह सड़क अब लोगों के लिए परेशानी बन गई है। बरसात के चलते सड़क की हालत और भी बदतर हो चुकी है। मार्ग पर जगह-जगह मलबा जमा है जो घरों के भीतर घुस रहा है।
स्थानीय लोगों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट से शिकायत की। स्थानीय निवासियों ने बताया कि लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मार्ग के किनारे खड़े वाहनों पर बड़े-बड़े पेड़ गिरने का खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने ठेकेदार पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि अगर समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की तो वे आंदोलन करेंगे। बुधवार देर शाम संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य ऐरोड हिमांशु कुमार, राजेंद्र चंद्र, सौरभ बिष्ट, अजय चौहान, जीतन जयाल आदि मौजूद थे।