अल्मोड़ा। विकासखंड धौलादेवी के अंतर्गत खोला, बीना, क्वेटी, बरतोली, चौलेठी सहित आसपास के गांवों को जोड़ने वाली सड़क बदहाल है। ग्रामीणों ने सड़क के डामरीकरण, दीवारों और कलमठों की मरम्मत की मांग के लिए डीएम आलोक कुमार पांडेय के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मनीगर से खोला तक बनाई गई लगभग आठ किलोमीटर लंबी सड़क लगातार बारिश के कारण खस्ताहाल हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। किनारे की सुरक्षा दीवारें धंस चुकी हैं जिससे मार्ग पर चलना जोखिमभरा हो गया है। उन्होंंने कहा कि इस मार्ग से कई गांवों की करीब पांच हजार से अधिक की आबादी जुड़ी हुई है। रोजाना लोग इसी खस्ताहाल सड़क से आवागमन करने के लिए मजबूर हैं। ज्ञापन देने वालों में आभा गैड़ा, गोपाल सिंह गैड़ा, हरीश सिंह गैड़ा, मदन सिंह गैड़ा, महेश्वर सिंह गैड़ा, भोपाल सिंह गैड़ा, प्रेम राम, दीवान राम, जगदीश राम आदि मौजूद रहे।