अल्मोड़ा। नगर के गांधी पार्क में राष्ट्रीय नीति संगठन के बैनर तले ग्रामीणों का तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 43 दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन बुधवार को स्थगित हो गया है। विभागीय अधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंच कर वार्ता की, जिसमें लिखित आश्वासन दिए गए और ग्रामीण मान गए। बुधवार को विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान की मध्यस्थता पर विभागीय अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और विभागीय अधिकारियों ने पुल और सड़क का टेंडर जारी करने, धनराशि स्वीकृत करने और पानी की व्यवस्था को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। जिससे बात बन गई और ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। इस मौके पर विनोद चंद्र तिवारी, रवि रौतेला, कुंदन लटवाल, बिट्टू कर्नाटक, हर्ष कनवाल, पूरन सिंह, किरन पंत, भावना पांडे, पूनम पालीवाल आदि मौजूद रहीं। संवाद