अल्मोड़ा। लंबित देयकों का भुगतान समेत अन्य मांगों को लेकर सस्ता गल्ला विक्रेताओं की हड़ताल जारी है। हड़ताल के चलते जिले के 965 सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकानों में ताले लटके हैं। राशन नहीं मिलने से उपभोक्ता परेशान हैं।
पर्वतीय सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष संजय साह रिक्खू ने कहा कि देयकों का भुगतान नहीं होने से सस्ता गल्ला विक्रेताओं को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। सरकार उनकी उपेक्षा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नए-नए नियमों को लाकर सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं को परेशान कर रही है।
उन्होंने डिजिटल ई-पॉस मशीन जबरन लगाने का विरोध किया। जबरन मशीन लगाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में अग्रिम निर्णय लेने के लिए 10 जून को नंदा देवी गीता भवन में दोपहर 12 बजे से बैठक होगी। संवाद