अल्मोड़ा। शिक्षा विभाग में मिनिस्टीरियल कर्मचारियों के 90 पद रिक्त हैं। विभागीय कार्यों को समय पर पूरा करना किसी चुनौती से कम नहीं होता है।
जिले के हाईस्कूल, इटर काॅलेजों में मिनिस्टीरियल कर्मचारियों के कुल 541 पद सृजित हैं जिसके सापेक्ष 90 पद रिक्त चल रहे हैं। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी , प्रशासनिक अधिकारी, प्रधान सहायक, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायकों की कमी से कार्यालयों के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। एक मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी के पास अन्य पटलों का भी काम है। मिनिस्टीरियल कर्मियों के अवकाश में रहने पर दिक्कतें बढ़ जाती हैं। कार्मिकों की कमी से त्योहारी सीजन और सहालग सीजन में छुट्टी लेना भी आसान नहीं होता है।
मिनिस्टीरियल कार्मिकों के रिक्त पदों पर तैनाती हो : पुष्कर
अल्मोड़ा। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफिसर्स एसोसिएशन के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह भैसोड़ा ने कहा कि रिक्त पदों पर जल्द तैनाती न हुई तो संगठन आंदोलन करेगा। एक कर्मचारी कई पटलों का काम करने को मजबूर है। कार्यालय संबंधी कार्यों को संपादित करने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। रिक्त पदों पर शीघ्र तैनाती की जानी चाहिए।
मिनिस्टीरियल कर्मचारियों के रिक्त पदों की सूचना शिक्षा निदेशालय को भेजी गई है। इन पदों पर शासन स्तर से ही तैनाती संभव है।
अत्रेश सयाना, प्रभारी सीईओ अल्मोड़ा।