अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय में तेज बारिश और अंधड़ के चलते कैंट फीडर से जुड़ी 11 केवीए की लाइन में फाल्ट आ गया। इससे नगर के कई क्षेत्रों में एक घंटा बिजली गुल रही। आपूर्ति बाधित होने से करीब पांच हजार से अधिक की आबादी प्रभावित हुई। सरकारी और निजी संस्थानों में काम पूरी तरह ठप रहे।
शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे कैंट फीडर की 11 केवीए की लाइन में फाल्ट आ गया। इससे कैंट, थाना बाजार, जौहरी बाजार, माल रोड़, थपलिया, जोशीखोला आदि क्षेत्रों में एक घंटा बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली नहीं होने से व्यापारियों को नुकसान झेलना पड़ा। कार्यालयों के काम प्रभावित हुए। यूपीसीएल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर बारिश के बीच किसी तरह फाल्ट को दूर किया। करीब 11:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों को राहत पहुंची। यूपीसीएल के जेई मनोरंजन वर्मा ने कहा कि लाइन में बेक्रडाउन होने पर शट डाउन लिया गया। फॉल्ट दूर कर प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। संवाद
कमस्यार घाटी में 13 घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति
कांडा (बागेश्वर)। हाइटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से कमस्यार घाटी के 20 गांवों में 13 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। यूपीसीएल ने देर शाम चार बजे आपूर्ति सुचारू कर लोगों को राहत दी।
बृहस्पतिवार को क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से चीड़ का पेड़ गिरकर हाइटेंशन लाइन पर गिर गया। इससे सानिउड्यार, रावतसेरा, कपूरी, नरगोली, ठांगा, बगराटी, टकनार, चंतोला, भैसुड़ी सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली के गुल होने से लोग मोबाइल तक चार्ज नहीं कर पाए और छात्र-छात्राओं का अध्ययन कार्य प्रभावित हुआ। शुक्रवार देर शाम चार बजे यूपीसीएल ने बिजली लाइन को ठीक कर आपूर्ति सुचारू कर दी। यूपीसीएल के जेई मदन जोशी ने बताया कि पेड़ गिरने से हाइटेंशन लाइन में दो पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। इन्हें बदलकर क्षेत्र में आपूर्ति बहाल कर दी गई है।