अल्मोड़ा। जिले के कई क्षेत्रों में हर रोज पानी की किल्लत होने लगी है। अवैध कनेक्शनों के चलते लमगड़ा बाजार क्षेत्र में कई दिन से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने पर क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम कार्यालय में भी नाराजगी जताई।
देवभूमि व्यापार मंडल के अध्यक्ष शुभम कपकोटी ने बताया कि लमगड़ा बाजार में पेयजल की मुख्य लाइन से सैकड़ों लोगों ने फर्जी कनेक्शन जोड़ दिए हैं। एक महीने से रोज पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है। कई बार जल संस्थान के अधिकारियों को शिकायत करके फर्जी कनेक्शन कटवाने का आग्रह किया जा चुका है लेकिन अधिकारी कोई ध्यान नहीं देते हैं। पूरे लमगड़ा बाजार के साथ-साथ आसपास के आवासीय क्षेत्र में भी पानी की किल्लत है।
मंगलवार को सुबह से ही पानी नहीं आने पर लोगों ने नाराजगी जताई। जल संस्थान के अधिकारियों को फोन करते रहे लेकिन अधिकारियों ने फोन तक नहीं उठाया। लोगों ने बाजार में प्रदर्शन किया। इसके बाद देवभूमि व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी शिकायत करने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे लेकिन उनकी मुलाकात जिला अधिकारी आलोक कुमार पांडेय से नहीं हो पाई। पदाधिकारियों ने कार्यालय में ज्ञापन देकर आपत्ति दर्ज की। उन्होंने कहा कि दो दिन के अंदर अगर पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में देवभूमि व्यापार मंडल के अध्यक्ष शुभम कपकोटी, महामंत्री सोनू बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष सूरज रावत, योगेश मलाड, आशीष नगरकोटी आदि पदाधिकारी शामिल थे।
पिकअप भेज कर मंगाया पानी
व्यापारियों ने बताया कि यह समस्या रोज है। ऐसे में बाजार से ही एक पिकअप चालक को प्राकृतिक स्रोत के पास भेज कर पानी मंगाया जाता है और आसपास के घरों में बांटा जाता है। मंगलवार को भी ऐसा ही किया। उन्होंने बताया कि पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।