अल्मोड़ा। सल्ट विकासखंड के मरचूला बस हादसे के बाद भी वाहन चालक ओवरलोडिंग से बाज नहीं आ रहे हैं। क्षमता से अधिक 40 सवारी बैठाकर केमू की बस अल्मोड़ा-बागेश्वर मार्ग पर यमदूत बन कर दौड़ी। पुलिस ने ओवरलोडिंग में चालक के डीएल निरस्तीकरण की संस्तुति की है।
सोमवार को अल्मोड़ा-बागेश्वर मार्ग पर केमू की 30 सीटर बस में 40 यात्री सवार थे। चेकिंग के दौरान पुलिस ने केमू की बस में ओवरलोडिंग पकड़ी। परिवहन निगम के टीटीओ अखिलेश चौहान ने बताया कि केमू की बस में 40 यात्री सवार थे, जबकि बस की क्षमता 30 सवारी की थी। चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
ओवरलोडिंग से यात्री भी परेशान
अल्मोड़ा। यात्री दीपक पांडे का कहना है कि विभिन्न रूटों पर चल रहे वाहन चालक ओवरलोडिंग से बाज नहीं आ रहे हैं। इसकी वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं और यात्री परेशान हैं। मनोज कुमार का कहना है कि ओवरलोडिंग से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। यात्रियों ने यातायात पुलिस व प्रशासन से मांग की है कि मुख्य और लिंक मार्गों पर चल रहे उन वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जो क्षमता से अधिक सवारियां वाहनों में लादकर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। संवाद