अल्मोड़ा। बीते दिनों बेस अस्पताल अल्माेड़ा में एक कार्यदायी संस्था के जीएम के साथ हुई मारपीट का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की रात कुछ अराजक तत्व धारदार और लोहे की राड लेकर जीएम कार्यालय में पहुंच गए और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। अराजक तत्वों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ भी कर दी। जीएम की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस दो लोगों के खिलाफ नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दो लोगों की गिरफ्तारी भी की गई है।
दो तीन दिन पहले मेडिकल कालेज के बेस अस्पताल में कुछ लोगों ने सागर प्रेसीडेंसी कंपनी के जीएम सतीश त्यागी और कुछ अन्य कर्मचारियों की पिटाई कर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार की रात फिर आरोपित दीपक कुमार और सचिन टम्टा अपने चार पांच साथियों के साथ जीएम कार्यालय में पहुंच गए और वहां बवाल काटा। आरापियों ने हाथों में हथियार लेकर जीएम को जान से मारने की धमकी दी और तोड़फोड़ भी कर दी। शोर सुनने के बाद उनका चालक बीचबचाव करने आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी अभद्रता की। महाप्रबंधक त्यागी ने बताया कि आरोपित उन पर पूर्व में दर्ज कराए गए मुकदमे को वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। जिस कारण उनके साथ दोबारा अभद्रता की गई। इधर, पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद दो नामजद को गिरफ्तार कर अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष जगदीश देऊपा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।