रानीखेत (अल्मोड़ा)। छावनी परिषद रानीखेत ने सोमवार को छावनी सभागार में विशेष जनता दरबार लगाया। छावनी परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित दरबार में सड़क, पानी और कर से संबंधित समस्याएं हावी रहीं। यह जनता दरबार 10 सालों बाद लगा।
छावनी के एकल सभासद मोहन नेगी ने गोल्फ ग्राउंड को खोले रखने की समयावधि बढ़ाने की मांग उठाई। कुलदीप कुमार ने रानीखेत में व्यवसायिक मेले नहीं लगाने की मांग उठाई और इसकी जगह खेलकूद और सांस्कृतिक मेलों के आयोजन पर जोर दिया। निवर्तमान व्यापार मंडल उपाध्यक्ष नेहा साह मेहरा ने रानीझील में पर्यटकों के लिए सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की मांग रखी।
ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। आनंद अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल, गणेश जोशी ने रानीखेत के विकास की गतिविधियां चलाने की मांग उठाई। नागरिकों ने नगर की जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग भी जोरशोर से उठाई। इस पर मुख्य अधिशासी अधिकारी कुनाल रोहिला ने बताया कि रानीखेत में तीन प्रमुख सड़कों पर जल्द ही पैच मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में दो नई पार्किंग स्थलों के निर्माण के लिए विस्तृत योजना तैयार कर शासन से स्वीकृति प्राप्त कर ली है। दरबार में मुख्य अधिशासी अधिकारी कुनाल रोहिला, अधीक्षक रमा नेगी, स्वछता निरीक्षक एपी सिंह, राजस्व अधीक्षक राजेंद्र पंत, केके फर्त्याल, गोपाल बिष्ट, कृपाल महरा समेत कई लोग मौजूद रहे।
चौबटिया मार्ग का मुद्दा भी उठा
रानीखेत। जनता दरबार में भी चौबटिया मार्ग में प्रतिबंध का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जिस पर ब्रिगेडियर ने स्पष्ट किया कि चौबटिया मार्ग सेना के अधीन है और प्रशिक्षण के उद्देश्य से मार्ग प्रतिदिन केवल एक घंटे के लिए बंद किया जाता है। इस दौरान स्वास्थ्य सेवा एवं आवश्यक सेवाओं को रोका नहीं जाता। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अत्यावश्यक सेवाओं को रोके जाने का कोई मामला सामने आता है, तो नागरिक शिकायत दर्ज कर सकते हैं।