रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगरवासियों और पर्यटकों की समस्याओं को लेकर चौबटिया मोटर मार्ग का मुद्दा प्रमुखता से उठने लगा है। सिविल जनता के लिए मोटरमार्ग को पूर्ण रूप से खोलने की मांग के लिए रानीखेत विकास समिति के साथ ही अन्य संगठन आगे आ गए हैं। संगठन प्रतिनिधियों ने इस मामले पर संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव से मुलाकात की, हालांकि बातचीत के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
सेना की ओर से प्रशिक्षण गतिविधियों के चलते सड़क को प्रतिदिन सुबह और शाम एक-एक घंटे के लिए बंद कर दिया जाता है जिससे आमजन और पर्यटक परेशान हो रहेे हैं। यह मार्ग चौबटिया और आसपास के ग्रामीणों के लिए मुख्य आवागमन का साधन है और पर्यटकों के लिए भी चौबटिया गार्डन पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। वार्ता में नागरिकों ने कहा कि पूर्व में छावनी परिषद की बैठक में मार्ग को केवल भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए प्रतिबंधित करने की बात कही गई थी लेकिन अब सभी वाहनों को रोका जा रहा है।
विकास समिति के गिरीश भगत ने बताया कि कमांडेंट ने आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नहीं रोकने का आश्वासन दिया है लेकिन आम नागरिकों की परेशानी अपनी जगह है जिससे रोष पनप रहा है। वहां खजान जोशी, संदीप गोयल, सोनू सिद्दीकी, कुलदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
गोल्फ मैदान को भी खोला जाए
रानीखेत। रानीखेत विकास समिति ने गोल्फ मैदान को भी आम जनता और पर्यटकों के लिए खोलने की मांग उठाई है। समिति का कहना है कि यह स्थल पर्यटकों का पसंदीदा गंतव्य है लेकिन वर्तमान में यह केवल सीमित समय के लिए खुलता है जिससे लोग भ्रमित और असमंजस की स्थिति में पड़ जाते हैं। पदाधिकारियों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि गोल्फ मैदान पर नियमित रूप से पीआरडी जवानों की तैनाती की जाए ताकि व्यवस्थाएं बनी रहें। साथ ही व्यापार मंडल से भी सहयोग की अपील की गई है ताकि यह स्थल व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के कमांडेंट ब्रिगेडियर एसके यादव ने चौबटिया मार्ग को बंद करने का समय नहीं बढ़ाने और आवश्यक वाहनों को नहीं रोकने का आश्वासन दिया है। गोल्फ मैदान को पूर्ण रूप से खोलने के लिए प्रशासन की ओर से पीआरडी जवानों की नियमित तैनाती और व्यापार मंडल का सहयोग जरूरी बताया है। फिलहाल जवानों की कमी बनी हुई है।
— राहुल आनंद, संयुक्त मजिस्ट्रेट, रानीखेत।