जागेश्वर (अल्मोड़ा)। विकासखंड धौलादेवी के राजकीय इंटर कॉलेज अंडोली में शासन से विज्ञान वर्ग की मान्यता तो मिली गई लेकिन इसके बाद लंबा वक्त बीत गया और अभी तक इस वर्ग के विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों की तैनाती नहीं हो सकी। ऐसे में करीब के स्कूल में सुविधा होने के बावजूद छात्र-छात्राओं को इंटर विज्ञान की पढ़ाई के लिए अन्यत्र विद्यालय में दाखिला लेना पड़ रहा है।
इस इंटर कॉलेज में पठन-पाठन की स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां एलटी स्तर पर सिर्फ आठ शिक्षक और दो लिपिक तैनात हैं और प्रवक्ता एक भी नहीं जबकि बीते सत्र में यहां छात्र संख्या 137 रही है। इतना ही नहीं इंटर में कला वर्ग की वित्तविहीन मान्यता है। ऐसे में इस वर्ग के लिए भी प्रवक्ता नहीं हैं। वित्तविहीन मान्यता के बावजूद बीते सत्र में कला वर्ग में 16 छात्र-छात्राओं ने अध्ययन किया जिन्हें एलटी के अंग्रेजी और हिंदी शिक्षकों ने पढ़ाया। क्षेत्र के समाजसेवी चंद्रमणि भट्ट और बिपिन भट्ट भी कई बार समस्या को उठा चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने फिर शिक्षकों की नियुक्ति करने की पुरजोर मांग की है।
इंटर में विज्ञान वर्ग की मान्यता है लेकिन विषयाध्यापक एक भी नहीं हैं। यही वजह है कि बच्चे अन्य स्कूलों का रुख कर रहे हैं। कला वर्ग की मान्यता नहीं मिलने के बावजूद कला वर्ग की कक्षाओं का संचालन किया जा रहा। शिक्षकों के रिक्त पदों की सूचना बार-बार विभाग को दी गई है। शिक्षकों की नियुक्ति का इंतजार है।
— मनीष कुमार, प्रधानाचार्य, राइंका अंडोली