मौलेखाल (अल्मोड़ा)। विकासखंड सल्ट की ग्रामसभा पोखरी मल्ली के ग्रामीण गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। गांव की पेयजलापूर्ति ठप है जबकि करीब ही मोहरखेत में योजना के टैंक से पानी बर्बाद हो रहा है। ग्रामीण पास स्थित एक हैंडपंप से प्यास बुझा रहे हैं।
करीब ढाई सौ की आबादी वाली ग्रामसभा पोखरी मल्ली में पहले से ही कम पेयजलापूर्ति हो रही थी जो अब बिल्कुल ठप हो गई है। यह गांव शशिखाल कोटेश्वर पंपिंग पेयजल योजना से जुड़ा है। यहां अपर्याप्त पेयजल आपूर्ति से लोग कई दिनों से परेशान हैं। वह नजदीक पर स्थित हैंडपंप से पानी खींचकर ढोने के लिए मजबूर हैं। एक तरफ ग्रामीण पानी के लिए मोहताज हैं तो दूसरी तरफ लापरवाही का आलम यह है कि निकटवर्ती मोहरखेत में स्थित पेयजल योजना के टैंक से काफी मात्रा में पानी रिस कर बर्बाद हो रहा है। गांव के निवासी श्याम सिंह ने बताया कि पानी के रिसाव को विभाग रोक नहीं पा रहा है।
गांव से पानी नहीं मिलने की शिकायत मिली है। लाइन में काम चल रहा है। जल्द समस्या दूर कर दी जाएगी।
— महेंद्र कुमार, एई, जल संस्थान, सल्ट