अल्मोड़ा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने एसएसजे परिसर के सिमकनी मैदान में हो रहे सुधारीकरण कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने निर्माण कार्यों की जांच करने की मांग पर परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट को ज्ञापन दिया।
शनिवार को निदेशक कार्यालय पहुंचे आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा कि सिमकनी मैदान में परिसर के छात्र- छात्राएं खेलों का अभ्यास करने पहुंचते हैं। आरोप लगाया कि मैदान में निर्माण कार्य की गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है और सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने जल्द निर्माण कार्यों की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की मांग उठाई। ज्ञापन देने वालों में जिला संयोजक राहुल कनवाल, नगर मंत्री रोहित कुमाल्टा, रोहन, नितिन मेहरा आदि मौजूद रहे।