अल्मोड़ा। बीती रात हुई मूसलाधार बारिश भैंसियाछाना ब्लॉक के बुढ़ाधार गांव के लोगों के लिए आफत बनी। देर रात अचानक पहाड़ी दरक गई और मलबा घरों में घुसने लगा। नींद से जागे लोग घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़े और मदद के लिए चिल्लाने लगे। कई पेयजल लाइनें ध्वस्त हो गईं। क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
बुधवार रात बारिश से जहां मैदानी इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिली तो वहीं जिले के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से नुकसान हुआ। आसमान से बरसी आफत जिंदगी पर भारी पड़ गई। बीती रात बुढ़ाधार गांव के लोगों के लिए संघर्ष भरी रही।
रात आठ बजे तेज बारिश शुरू हुई देखते ही देखते महज महज एक घंटे के भीतर पहाड़ी से भरभरा कर मलबा लोगों के घरों के भीतर भर गया। मिट्टी और पत्थर बहकर घरों में आने से लोग दहशत में आ गए। मलबा घुसते ही लोग सूझबूझ दिखाते हुए घरों से बाहर निकल आए। जिंदगी बचाने को ग्रामीणों ने बच्चों और बुजुर्गों के साथ रिश्तेदारों के घरों में शरण ली।