अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में बीते शिक्षा सत्र के स्नातक दूसरे सेमेस्टर के छात्र- छात्राओं के परीक्षा देने के बाद भी आंतरिक परीक्षाओं के अंक अंकतालिकाओं में दर्ज नहीं हुए।
ऐसे में 150 से अधिक विद्यार्थी अब परीक्षाओं के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। अंकतालिका में हुई खामियों को दूर करने के लिए अब वे विश्वविद्यालय के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं।
स्नातक दूसरे सेमेस्टर के 150 विद्यार्थियों ने शिक्षा सत्र 2023-24 में आंतरिक परीक्षाएं तो दी लेकिन उनके अंक अंकतालिका में दर्ज नहीं हुए।
विवि की समर्थ टीम को परिसर और महाविद्यालयों से इन विद्यार्थियों के अंक नहीं मिले और पोर्टल पर उनकी परीक्षाओं के अंक नहीं जुड़ सके। हालांकि क्रेडिट के आधार पर इन छात्र-छात्राओं को तीसरे सेमेस्टर में प्रवेश दिया गया लेकिन अंक दर्ज नहीं होने से अब चौथे सेमेस्टर का परीक्षा फार्म भरने के दौरान उनकी परीक्षा में बैक दिखा रहा है। परीक्षा देने के बाद भी बैक आने से उनकी चिंताएं बढ़ने लगी हैं।