अल्मोड़ा। मरचूला बस हादसे के बाद भी बसों में ओवरलोडिंग का सिलसिला थम नहीं रहा है। जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान यात्रियों की जिंदगी को दांव पर लगाकर क्षमता से अधिक सवारियां बैठने पर दो बस चालकों पर कोर्ट के चालान की कार्रवाई की। बिना परमिट के वाहन दौड़ाने पर एक मिनी बस को सीज किया गया।
रविवार को एसडीएम सदर जयवर्धन शर्मा ने पुलिस और परिवहन विभाग टीम के साथ जिले की सड़कों पर चेकिंग अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग कर रहे दो वाहन चालकों के खिलाफ कोर्ट के चालान की कार्रवाई की। बिना परमिट के वाहन चालने पर एक मिनी बस को सीज किया गया। नौ वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाते हुए गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए। क्षमता से अधिक सवारी ले जाने पर तीन वाहनों को भी पुलिस ने सीज किया है। यातायात नियमों को उल्लंघन करने पर 20 वाहन चालकों के चालान काटे गए।
नशे में वाहन चलते ट्रक चालक गिरफ्तार
धौलछीना (अल्मोड़ा)। धौलछीना पुलिस ने नशे की हालत में वाहन दौड़ते एक ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन को सीज किया गया। थानाध्यक्ष विजय नेगी ने कहा कि रविवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने ट्रक संख्या यूके04-सीसी-4470 को रुकवाया। पुलिस ने हल्द्वानी निवासी चालक को नशे की हालत में वाहन चलते पाया। चालक को मौके पर गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज किया गया। पुलिस ने दो बस चालकों पर क्षमता से अधिक सवारी ले जाने सहित 128 चालकों का यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई कर 65,550 रुपये जुर्माना वसूला।
दो स्कूटी हुई सीज
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पुलिस ने द्वाराहाट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर दो वाहन सीज कर 30 वाहन चालकों के चालान काटे। इंटरसैप्टर प्रभारी सुमित पांडे ने कहा कि छह वाहन चालकों पर कोर्ट के चालन किए गए। दो स्कूटी चालकों का तीन सवारी ले जाने और बिना हेलमेट के वाहन चलाने पर चालान काट कर वाहन सीज किए गए।