अल्मोड़ा। नगर में लंबे समय से यातायात व्यवस्था नहीं सुधरने पर एसएसपी मंगलवार को खुद सड़काें पर निकल पड़े। जाम की स्थिति से निपटने के लिए उन्होंने यातायात पुलिस को नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर जैमर लगाने, सफेद पट्टी से बाहर सड़क पर वाहन खड़े करने वाले चालकों का चालान काटने के निर्देश दिए।
नगर में आए दिन लग रहे जाम को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देवेंद्र पींचा ने माल रोड, पोस्ट ऑफिस, चौघानपाटा, केमू स्टेशन, टैक्सी स्टैंड, शिखर तिराहा, एलआर साह रोड पर निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों सख्ती से निपटने को कहा। कहा कि दो पहिया वाहनों के सड़क किनारे बेतरतीब खड़े रहने से जाम लग रहा है। अब दो पहिया वाहन चालक सड़क के एक तरफ सफेद पट्टी के अंदर ही अपने वाहन खड़े करेंगे। यदि तय स्थान को छोड़कर अन्य जगह वाहन खड़े किए तो चालक का चालान होगा। उन्होंने लंबे समय से सड़क पर खड़े वाहनों को भी हटाने के निर्देश दिए। कहा यदि उन्होंने खुद वाहन नहीं हटाए तो पुलिस क्रेन से वाहनों को ले जाएगी। इस मौके पर यातायात निरीक्षक दरबान सिंह मेहता, एसएसआई सतीश चंद्र कापड़ी, पीआरओ सुनील धानिक, प्रभारी इन्टरसेप्टर सुमित पांडे, एसआई हर्षपाल आदि मौजूद रहे। संवाद