भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। क्षेत्रीय जन सुरक्षा एवं विकास समिति तल्ला दौरा की ओर से बिजली, पानी और सड़क की समस्या के समाधान की मांग पर दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन जारी रहा। द्वाराहाट की तहसीलदार तितीक्षा जोशी मौके पर पहुंची लेकिन आंदोलनकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के न पहुंचने पर वार्ता से इनकार कर दिया। ऐसे में उन्हें बैरंग लौटना पड़ा और आंदोलनकारी अनशन पर डटे रहे।
बृहस्पतिवार को अनशन पर बैठे क्षेत्र पंचायत सदस्य पाली गणेश पालीवाल और प्रधान कमल किशोर शर्मा ने कहा कि नैथना देवी पेयजल योजना से जलापूर्ति सुचारू करने, बिजली कटौती से मुक्ति मिलने और भिकियासैंण-बाजन- दौला सड़क में को गड्ढा मुक्त बनाने तक आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर पहुंची एसडीएम ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। वहां पर समिति अध्यक्ष नरेंद्र सिंह बिष्ट, चंद्रमणी पालीवाल, दामोदर जोशी, हीरा सिंह बिष्ट, पीसी मिश्रा, हेमा नेगी, लक्ष्मी देवी आदि मौजूद रहे।