बागेश्वर। जिले में बरसात के चलते बंद हो रही सड़कों का असर टैक्सी वाहन संचालकों पर पड़ रहा है। बीते सात दिन से चौंरा-भैरूचौबट्टा मोटरमार्ग बंद होने से फंसे टैक्सी वाहन निकल चुके हैं। कपकोट तहसील क्षेत्र में सौंग-मुनार सड़क बंद होने से सरयू घाटी क्षेत्र में 60 से अधिक टैक्सी वाहन फंसे हुए हैं।
बीते 10 जुलाई से बंद चौरा-भैरूचौबट्टा मार्ग बीते मंगलवार देर रात खुल गया है। मार्ग खुलने से भैरूचौबट्टा में फंसे आठ टैक्सी वाहनों का संचालन शुरू हो गया है। सात दिन बाद संचालन सुचारु होने से टैक्सी संचालकों ने राहत की सांस ली है। कपकोट तहसील क्षेत्र की सौंग-मुनार सड़क भूस्खलन होने से बीते एक सप्ताह से बंद है। इससे सरयू घाटी के सौंग, तरसाल, पतियासार, सूपी, गासी गांवों में तहसील और जिला मुख्यालय को संचालित होने वाले टैक्सी वाहन गांवों में फंसे हुए हैं।
वाहनों का संचालन नहीं होने से रोजी-रोटी का संकट है। टैक्सियां संचालित नहीं होने से ग्रामीणों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।