अल्मोड़ा। द्वाराहाट विकासखंड का बड़ेत एएनएम केंद्र किराये के भवन में संचालित हो रहा है। 18 साल पहले इसके भवन के लिए दान में भूमि मिली थी, निर्माण की स्वीकृति भी मिल गई थी लेकिन अब तक इस पर निर्माण न होना व्यवस्थाओं पर सवाल है।
द्वाराहाट के बड़ेत में धन्यारी, द्यौलाड़गूंठ, कुमाल्ट और बड़ेत की गर्भवतियों, प्रसूताओं और शिशुओं के टीकाकरण और जांच के लिए किराए के भवन में एएनएम सेंटर संचालित हुआ। वर्ष 2005 में यहां एएनएम सेंटर के नए भवन को स्वीकृति मिली। इसके लिए गांव की एक महिला बचुली देवी ने दान में अपनी भूमि स्वास्थ्य विभाग को दी। विभाग ने इस भूमि की अपने नाम रजिस्ट्री कर ली और आज तक एएनएम सेंटर का निर्माण कार्य शुरू नहीं कर सका है।
जगह की कमी पड़ रही है भारी
द्वाराहाट। किराये के भवन में संचालित एएनएम सेंटर में जगह की कमी गर्भवतियों, प्रसूताओं, शिशुओं के साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों पर भारी पड़ रही है। दो छोटे कमरों में दवा, टीका सुरक्षित रखने के साथ ही गर्भवतियों, प्रसूताओं और शिशुओं का टीकाकरण और जांच करना स्वास्थ्य कर्मियों के लिए मुश्किल हो रहा है। हालात यह हैं कि बरामदे में जांच और टीकाकरण करना पड़ रहा है।
कोट-स्थानीय गर्भवतियों, प्रसूताओं और शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, इसके लिए ग्रामीणों ने एनएनएम सेंटर के लिए भूमि दान दी। सालों बाद भी इसका निर्माण नहीं हो रहा है। कई बार कहने के बाद भी विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है जो गंभीर है।- बचे सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधान, बड़ेत।
यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। स्वीकृति के बाद भी एनएनएम सेंटर क्यों नहीं बना, इसकी जानकारी ली जाएगी। इसके निर्माण की कार्रवाई जल्द शुरू होगी।-डॉ. आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा।