अल्मोड़ा। बसोली, ताकुला क्षेत्र के कई संगठनों ने पीएचसी ताकुला को सीएसी का दर्जा देने की मांग पर डीएम विनीत तोमर को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि सीएचसी संचालित करने के दावे कर भवन निर्माण किया जिस पर सीएचसी का बोर्ड लगाया लेकिन इसे हटा दिया गया है।
बुधवार को क्षेत्र के लोगों ने डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि पीएचसी ताकुला में अल्मोड़ा, बागेश्वर के मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। यहां सीएचसी संचालन के दावे कर इसके मानकों के अनुरूप अस्पताल भवन का निर्माण किया गया। आज तक इसे सीएचसी का दर्जा नहीं दिया गया। 2010 में तत्कालीन सीएम ने सीएचसी भवन का लोकार्पण किया। 23 साल बाद इसका सीएचसी के रूप में संचालन न होने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं और वे अन्य अस्पतालों की दौड़ लगा रहे हैं। लोगों ने जल्द इसका सीएचसी के रूप में संचालन न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर प्रधान संगठन के महासचिव नरेंद्र सिंह, सरपंच संगठन के अध्यक्ष डूंगर सिंह, ईश्वर जोशी, चंपा मेहता, निर्मल नयाल, चंदन सिंह आदि शामिल रहे। संवाद