मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट विकासखंड के रतनकोट में तेंदुए की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। तीसरे दिन भी गांव में तेंदुआ और शावक नजर आए। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सल्ट के रतनकोट में बीते मंगलवार को दोपहर 12 बजे के करीब एक साथ तीन तेंदुए गांव के नजदीक पहुंच गए। दूसरे दिन भी गांव में तेंदुए और शावक नजर आए। तीसरे दिन फिर से इसी जगह तेंदुआ नजर आने से ग्रामीण परेशान और दहशत में हैं। ग्राम प्रधान केशव राम ने बताया कि तेंदुए और शावकों ने गांव में डेरा जमा लिया है। ऐसे में ग्रामीणों का घरों से अकेले बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने जल्द इनके आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। रेंजर गंगा सरन ने कहा कि टीम लगातार गांव में गश्त कर रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं। संवाद
-