अल्मोड़ा। एक ही मुद्दे पर दो अलग-अलग दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन किया, इससे पार्टी की गुटबाजी सामने आई है। मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीते बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य का घेराव किया। हैरानी की बात यह है कि दोनों दिन एक ही मुद्दे पर आंदोलन हुआ। इस मामले पर कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी हैरान है और इस गुटबाजी को जल्द खत्म करने का दावा कर रहा है।
बीते बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को लेकर प्राचार्य का घेराव किया। वहीं दूसरे दिन भी कार्यकर्ता इसी मुद्दे पर प्राचार्य का घेराव करने पहुंचे, इसमें जिलाध्यक्ष शामिल रहे। कांग्रेस का अलग-अलग दिन एक ही मुद्दे पर मोर्चा खोलना नगर में चर्चा का विषय बना रहा और इसमें गुटबाजी साफ देखने को मिली। इसकी चर्चा खुद बीते दिनों अल्मोड़ा पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करना माहरा कर चुके हैं। उन्होंने यहां पहुंचकर कहा था कि जल्द ही इस खाई को भरने का काम किया जाएगा। कुछ दिन बाद ही फिर से दोनों गुटों के बीच एक ही मुद्दे को लेकर किए गए आंदोलन से शीर्ष नेतृत्व को सोचने पर मजबूर होना पड़ा है। संवाद
निश्चित तौर पर एक ही मुद्दे पर कार्यकर्ताओं का दो अलग-अलग दिन आंदोलन करना सोचनीय है। स्थानीय स्तर के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इस खामी को दूर करना चाहिए। पार्टी पदाधिकारियों से मामले की जानकारी ली जाएगी।
- करन माहरा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष।