अल्मोड़ा। नगर के लोगों को बिजली कटौती से निजात नहीं मिल पा रही है। रविवार को पूरे दिन आधे नगर में बिजली गुल रही। इससे 20 हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा। गर्मी के बीच पंखे सहित अन्य उपकरण शोपीस बने रहे और लोग बिजली का इंतजार करते रहे।
नगर के पपरसली, पातालदेवी, एडम्स, तिलकपुर, धारानौला के साथ ही डीनापानी में रविवार को सुबह 10 बजे से बिजली गुल रही। लोग घंटों बिजली का इंतजार करते रहे। गर्मी के बीच पंखे और अन्य उपकरण संचालित न होने से लोग परेशान रहे। सात घंटे बाद देर शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई जिसके बाद लोगों को राहत मिली। यूपीसीएल के ईई कन्हैया जी मिश्रा ने कहा कि बिजली लाइन को छू रही पेड़ों की टहनियों की लॉपिंग की जा रही है। इससे बिजली आपूर्ति रोकनी पड़ी। सभी स्थानों पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। संवाद
कारोबार भी रहा प्रभावित
अल्मोड़ा। लंबे समय तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से कारोबार प्रभावित रहा। साइबर कैफे, चक्की सहित अन्य बिजली संचालित उपकरण ठप रहे और कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ा। लोग भी जरूरी कामों से संबंधित प्रतिष्ठानों में तो पहुंचे लेकिन पूरे दिन बिजली नहीं होने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।