जागेश्वर (अल्मोड़ा)। पनुवानौला से वृद्ध जागेश्वर को जाने वाली सड़क की बदहाली से लोग परेशान हैं। लंबे समय से लोग इसे ठीक करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा है।
पनुवानौला से वृद्ध जागेश्वर तक जाने वाली आठ किमी लंबी सड़क शौकिया थल सहित कई अन्य हिस्सों पर बदहाल हो गई है। बीते कुछ सालों में वृद्ध जागेश्वर आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। इसके बाद भी सड़क को ठीक नहीं किया गया है। यह सड़क खाली, कुंजा, सिरोदा, मनतोला, बूड़ा, जाकुरी, निसनेली, थाला सहित कई अन्य गांवों को जोड़ती है। ग्रामीण रूप सिंह, दीवान सिंह, पूरन चंद्र भट्ट, सुंदर सिंह ने लोनिवि से सड़क को ठीक करने की मांग की है। लोनिवि के एई आलोक ओली का कहना है कि सड़क के सुधारीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जैसे ही स्वीकृति मिलेगी कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
फोटो विवरण -23एएलएम 26पी- पनुवानौला से वृद्ध जागेश्वर को जोड़ने वाली शौकियाथल के पास इस तरह बदहाल हो गई है। संवाद