द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। कोटीला गवाड़ सड़क की बदहाली से लोगों में आक्रोश है। नाराज ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर सड़क को ठीक करने की मांग की है। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने यहां एसडीएम सुनील कुमार को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से कालीखोली द्वाराहाट से कोटीला गवाड़ तीन किमी लंबी सड़क की स्थिति दयनीय है। सड़क पर किया गया डामर पूरी तरह उखड़ गया है जिससे सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इसकी सूचना लोनिवि को कई बार दे दी है। इसके बाद भी सड़क को ठीक करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने शीघ्र सड़क को ठीक नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में कोटीला प्रधान गोपाल सिंह अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रकाश सिंह अधिकारी,जामड़ ध्याड़ी प्रधान मोहन सिंह रौतेला, राजेंद्र सिंह बिष्ट, मदन सिंह, संतोष सिंह, सौरभ कुमार शामिल रहे। संवाद