भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत व्याप्त समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने पंचायत घर से तहसील कार्यालय तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी राहुल शाह को सौंपा।
सोमवार को दिन में लोग पंचायत घर में एकत्र हुए। यहां से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर हुई सभा में उन्होंने कहा कि बाजार की सड़क पर दो दशक से डामर नहीं हुआ है। सड़क पर गड्ढे होने से कई बार दोपहिया चालक घायल हो चुके हैं। इसके बाद भी सड़क की दशा नहीं सुधारी जा रही है। लावारिस पशुओं से निजात दिलाने की मांग भी लंबित पड़ी है। लावारिस पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं पर फसल को बचाने के लिए कोई उपाय नहीं हो रहे हैं।
भिकियासैंण-मरचूला मोटर मार्ग पर शिव मंदिर के पास से पुल के निर्माण की मांग भी पूरी नहीं हुई है। विधायक निधि से धनराशि स्वीकृत होने के बाद भी कन्या इंटर कॉलेज तक सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की उपेक्षा के चलते लोगों को सड़क पर उतरने को बाध्य होना पड़ा है।
प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में बाड़नाथ सोसायटी के अध्यक्ष बालम नाथ, व्यापार संघ अध्यक्ष विजय लटवाल, ग्वाल बाल लोक सेवा समिति के अध्यक्ष शंकर फुलारा, पारस संस्था के अध्यक्ष कुबेर सिंह कड़ाकोटी, सभासद गोपाल सिंह, नरेंद्र बिष्ट, संजय अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपक बिष्ट, लीला बिष्ट, रिंकी आदि शामिल थीं।