अल्मोड़ा। मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने से अल्ट्रासाउंड ठप रहे। इससे गर्भवतियों और अन्य मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा जबकि कुछ मरीजों ने पांच किमी दूर जिला अस्पताल पहुंचकर अल्ट्रासाउंड कराया। इससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को बेस अस्पताल में धौलादेवी, भैंसियाछाना, ताकुला, लमगड़ा, चौखुटिया समेत अन्य विकासखंडों के विभिन्न गांवों से काफी संख्या में मरीज अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे थे। बेस अस्पताल के एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर रहने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो सके। इस कारण मरीजों को काफी दिक्कतें हुईं। कई मरीज बैरंग लौट गए तो कई ने निजी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराया। कुछ मरीजों ने पांच किमी दूर जिला अस्पताल में जाकर अल्ट्रासाउंड कराया।
चर्म रोग विशेषज्ञ न होने मरीज रहे परेशान
अल्मोड़ा। होली के बाद जिला अस्पताल में त्वचा रोग संबंधी मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। शुक्रवार को भी कई मरीज त्वचा संंबंधी रोगों के उपचार के लिए पहुंचे थे लेकिन चर्म रोग विशेषज्ञ के अवकाश पर रहने से मरीजों को परेशानी हुई। उन्हें निजी अस्पतालों में जाकर उपचार कराना पड़ा। इससे उन्हें आर्थिक चपत भी लगी। वहीं अन्य चिकित्सक को दिखाने के लिए मरीजों की कतार रही। भीड़ के चलते मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
-
बोले मरीज
अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बेस अस्पताल गई थी लेकिन रेडियोलॉजिस्ट न होने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका है। इस कारण यहां जिला अस्पताल आना पड़ा। -भावना जोशी, अल्मोड़ा
अल्ट्रासाउंड कराने के लिए बेस अस्पताल पहुंचे तो यहां आकर जानकारी हुई कि रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर हैं। ऐसे में फिर दूसरे अस्पतालों के चक्कर काटने पड़े। इससे काफी परेशानी झेलनी पड़ी। -गीतांजलि शाह, अल्मोड़ा
-
वर्जन
रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर चल रहे हैं, इस कारण अल्ट्रासाउंड नहीं हो सके। जल्द वह अवकाश से लौटेंगे। - डॉ. सीपी भैसोड़ा, प्राचार्य अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज